पाली के नारलाई पहुंचीं अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा, आदिनाथ जैन मंदिर में किए दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
पाली के नारलाई पहुंचीं अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा, आदिनाथ जैन मंदिर में किए दर्शन


पाली, 29 मार्च (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा रविवार को राजस्थान के पाली जिले के नारलाई स्थित प्राचीन आदिनाथ जैन मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। उन्होंने दोपहर में मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

अभिनेत्री मलाइका के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। लोग उनकी एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आए। अभिनेत्री ने भी मुस्कुराते हुए प्रशंसकों का अभिवादन किया।

जानकारी के अनुसार मलाइका अरोड़ा इन दिनों मारवाड़ क्षेत्र में अवकाश बिताने आई हुई हैं। वे नारलाई के प्रसिद्ध विरासत होटल रावला नारलाई में ठहरी हैं और यहां की प्राकृतिक सुंदरता व शांत वातावरण का आनंद ले रही हैं।

पाली जिले में नारलाई क्षेत्र अपनी आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक आकर्षण के लिए जाना जाता है। यहां आदिनाथ जैन मंदिर के अलावा तपेश्वर महादेव मंदिर और जैकल नाथ महादेव मंदिर भी स्थित हैं, जो श्रद्धालुओं के प्रमुख आस्था केंद्र हैं।

साथ ही, यह क्षेत्र लेपर्ड सफारी के लिए भी प्रसिद्ध है, जहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं।

मलाइका अरोड़ा के इस दौरे से नारलाई और आसपास के क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों में भी इसको लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story