गोविंद देव मंदिर पहुंचे अभिनेता राजपाल यादव, दर्शन के दौरान उमड़ी प्रशंसकों की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
गोविंद देव मंदिर पहुंचे अभिनेता राजपाल यादव, दर्शन के दौरान उमड़ी प्रशंसकों की भीड़


जयपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव रविवार को जयपुर के प्रसिद्ध गोविंद देव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने ठाकुरजी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। अभिनेता के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रशंसक उन्हें देखने तथा उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए मंदिर परिसर में पहुंच गए। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और मंदिर प्रशासन को विशेष व्यवस्था करनी पड़ी तथा सुरक्षा घेरे में राजपाल यादव को दर्शन कराए गए।

मंदिर परिसर में मौजूद प्रशंसकों ने अभिनेता के साथ सेल्फी और फोटो लेने की उत्सुकता दिखाई। भीड़ के बावजूद राजपाल यादव ने अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया और मुस्कुराते हुए उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। सुरक्षाकर्मियों और मंदिर प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से मंदिर से बाहर निकालकर वाहन तक पहुंचाया गया। दर्शन के बाद राजपाल यादव ने गोविंद देव मंदिर प्रशासन और पुजारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जयपुर आने पर गोविंद देव के दर्शन करना उनके लिए हमेशा एक विशेष और आध्यात्मिक अनुभव होता है।

उल्लेखनीय है कि राजपाल यादव इन दिनों एक निजी कार्यक्रम के सिलसिले में जयपुर आए हुए हैं। हाल ही में उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘भूत बंगला’ की शूटिंग भी जयपुर में पूरी की है। शूटिंग के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में उनकी मौजूदगी ने प्रशंसकों का खासा ध्यान आकर्षित किया था।

बॉलीवुड में राजपाल यादव पिछले दो दशकों से अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और विशिष्ट अभिनय शैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने ‘हंगामा’, ‘भूल भुलैया’, ‘चुप चुप के’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भागम भाग’, ‘मालामाल वीकली’, ‘ढोल’ और ‘भूल भुलैया 2’ जैसी कई लोकप्रिय फिल्मों में अपनी अदाकारी से दर्शकों का मनोरंजन किया है। हास्य भूमिकाओं के साथ-साथ गंभीर किरदारों में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान स्थापित की है और वर्तमान में भी फिल्मी दुनिया में सक्रिय हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story