एलपीजी कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन: 118 सिलेंडर सहित वाहन व उपकरण जब्त

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन: 118 सिलेंडर सहित वाहन व उपकरण जब्त


जयपुर, 31 मार्च (हि.स.)। शहर में घरेलू व व्यावसायिक एलपीजी गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 118 गैस सिलेंडर सहित वाहन और उपकरण जब्त किए हैं। अवैध रिफिलिंग और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।

जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने तीन विशेष प्रवर्तन दल गठित कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। दलों ने एक साथ अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया।

खो-नागोरियान थाना क्षेत्र के नारायण सिटी (जेएनयू अस्पताल के पास) में अवैध रिफिलिंग की पुष्टि होने पर 74 गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, तीन रिफिलिंग मोटर और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया।

आगरा रोड स्थित गौरव बर्तन भंडार व जग्गा की ढाणी में दबिश के दौरान 22 सिलेंडर व एक उपकरण जब्त हुआ। भांकरोटा क्षेत्र में 8 सिलेंडर, एक कांटा व एक उपकरण जब्त किए गए, जबकि बिंदायका क्षेत्र में 14 सिलेंडर, एक कांटा और एक रेगुलेटर (रबर पाइप सहित) जब्त किया गया।

जिला प्रशासन ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रवर्तन – सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है और आगे भी जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि अवैध गैस रिफिलिंग या कालाबाजारी की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story