श्री गोविंद देवजी को हनुमंत कथा सुनाने जयपुर आएंगे आचार्य रामचंद्र दास महाराज

WhatsApp Channel Join Now
श्री गोविंद देवजी को हनुमंत कथा सुनाने जयपुर आएंगे आचार्य रामचंद्र दास महाराज


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। गुलाबी नगरी में भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का भव्य आयोजन होने जा रहा है। जयपुर के आराध्य देव ठाकुर श्री गोविंद देवजी मंदिर परिसर स्थित सत्संग भवन में 17 से 21 दिसंबर तक पांच दिवसीय श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। श्री रामानन्द मिशन राजस्थान के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज के उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास महाराज कथा वाचन करेंगे।

आयोजन की विशेष बात यह है कि आचार्य रामचंद्र दास महाराज स्वयं ठाकुर श्री गोविंद देवजी को श्री हनुमंत कथा श्रवण कराने के संकल्प के साथ जयपुर पधारेंगे। कथा का शुभारंभ 16 दिसंबर को भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। इसमें पारंपरिक वेशभूषा में सजी लगभग 2100 महिलाएं शामिल होंगी। भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोष के बीच निकलने वाली यह यात्रा आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

पांच दिवसीय कथा में भगवान हनुमान के जीवन चरित्र, प्रभु श्रीराम के प्रति उनकी अनन्य भक्ति, सेवा, समर्पण, शक्ति, साहस और निष्ठा का वर्णन किया जाएगा। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी जाएगी। आयोजन का उद्देश्य सनातन परंपराओं का संरक्षण, आध्यात्मिक चेतना का विस्तार और समाज को वैचारिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक रूप से संगठित करना है। साथ ही युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।

आयोजन में राजस्थान सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। श्री रामानन्द मिशन राजस्थान इकाई के पदाधिकारियों ने धर्म प्रेमियों से 16 दिसंबर की मंगल कलश यात्रा और 17 से 21 दिसंबर तक होने वाली श्री हनुमंत कथा में सपरिवार शामिल होने का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story