दो ट्रॉलों के बीच पिसी कार, गुजरात के मार्बल कारोबारी और ड्राइवर की दर्दनाक मौत

WhatsApp Channel Join Now
दो ट्रॉलों के बीच पिसी कार, गुजरात के मार्बल कारोबारी और ड्राइवर की दर्दनाक मौत


दो ट्रॉलों के बीच पिसी कार, गुजरात के मार्बल कारोबारी और ड्राइवर की दर्दनाक मौत


पाली, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले के सांडेराव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित ढोला ब्रिज के पास शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में गुजरात के मार्बल कारोबारी और उनके ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार दो ट्रॉलों के बीच बुरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

सांडेराव थाना प्रभारी श्यामराज सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान गुजरात के कच्छ निवासी मार्बल व्यवसायी डिम्पल कुमार जैन (49) तथा आबूरोड के मावल निवासी ड्राइवर जेताराम (24) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, डिम्पल कुमार जैन किसी काम से जयपुर गए थे। शनिवार रात वे अपने ड्राइवर के साथ कार से वापस कच्छ लौट रहे थे। इसी दौरान ढोला ब्रिज के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रॉले ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार आगे चल रहे दूसरे ट्रॉले में जा घुसी और दोनों ट्रॉलों के बीच बुरी तरह फंस गई।

हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कार बुरी तरह पिचक जाने से दोनों शव अंदर ही फंस गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ समय तक नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story