ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
जोधपुर, 04 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर खेड़ापा के पास गुरुवार रात एक सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच हुई भिड़ंत के कारण हुआ। सूचना मिलते ही खेड़ापा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लोरड़ी पंडितजी निवासी किलाराम पुत्र मोहनराम सरगरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड में करवाकर यातायात सामान्य किया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर बावड़ी राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को हादसे की सूचना दी।सुबह परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए उनके सुपुर्द कर दिया। परिवार की ओर से दी गई लिखित रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

