होली पार्टी में हादसा: मणिपाल यूनिवर्सिटी में क्रेन नुमा ढांचा गिरा, 20 छात्र घायल

WhatsApp Channel Join Now
होली पार्टी में हादसा: मणिपाल यूनिवर्सिटी में क्रेन नुमा ढांचा गिरा, 20 छात्र घायल


जयपुर, 04 मार्च (हि.स.)। बगरू थाना इलाके में स्थित मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर में आयोजित होली उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कैंपस में डीजे और रेन डांस के बीच लगाया गया लोहे का स्क्वायर और क्रेन नुमा ढांचा अचानक गिर पड़ा। जिससे करीब 20 छात्र-छात्राएं घायल हो गए। घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

बगरु थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि कैंपस में होली पार्टी चल रही थी। छात्र-छात्राएं डीजे की धुन पर रेन डांस कर रहे थे। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर लगाया गया लोहे का स्क्वायर और क्रेन नुमा स्ट्रक्चर अचानक असंतुलित होकर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ढांचा गिरते ही मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और कई छात्र उसकी चपेट में आ गए। हादसे में घायल 20 छात्रों में से 17 को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों के अनुसार घायलों को हल्की एवं मध्यम चोटें आई हैं और सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ छात्र क्रेन नुमा ढांचे पर लटक गए थे, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और पूरा स्ट्रक्चर गिर पड़ा। इसी कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने कार्यक्रम में लगाए गए अस्थायी ढांचे की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। आयोजन में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद कैंपस में आयोजित कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फिलहाल घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने की बात कही गई है। वहीं इस घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story