कार्डियोलॉजी परीक्षा में नकल के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन
जयपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जयपुर महानगर ने कार्डियोलॉजी परीक्षा में सामने आई कथित नकल और अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को राजस्थान स्टेट अलाइड हेल्थकेयर काउंसिल के सचिव को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश मंत्री शुभेन्द्र सिंह निर्वाण के नेतृत्व में पहुंचे एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परीक्षा में हुई अनियमितताओं से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। परिषद ने मांग की कि जिस परीक्षा केंद्र पर पेपर आउट और नकल की घटना हुई है, उस महाविद्यालय की मान्यता तत्काल निरस्त की जाए।
ज्ञापन में परीक्षा के दौरान हुई लापरवाही की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा परीक्षा केंद्र पर नियुक्त निरीक्षण समिति की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई।
साथ ही आगामी परीक्षाओं में सुरक्षित, पारदर्शी और नियमबद्ध परीक्षा प्रणाली लागू कर सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महानगर मंत्री केशव पारीक, शक्ति सिंह, आर्ची, कार्तिकेय, शिव प्रताप, तनुराज, दुर्गेश सहित एबीवीपी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

