‘अराजकता हटाओ, संविधान अपनाओ’ के नारे के साथ एबीवीपी का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
‘अराजकता हटाओ, संविधान अपनाओ’ के नारे के साथ एबीवीपी का प्रदर्शन


जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की राजस्थान विश्वविद्यालय इकाई के कार्यकर्ताओं ने ‘अराजकता हटाओ, संविधान अपनाओ’ नारे के साथ प्रदर्शन किया। परिषद ने प्रदर्शन के जरिए दिल्ली में कथित अराजकता और देश की सामाजिक एवं संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने वाली विचारधाराओं का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रवादी विचारों को बढ़ावा देने, संविधान के प्रति सम्मान बनाए रखने और विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक वातावरण स्थापित करने का आह्वान किया।

एबीवीपी का कहना है कि लोकतंत्र में विचारों की अभिव्यक्ति का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके साथ संवैधानिक मर्यादाओं और राष्ट्रीय एकता के प्रति जिम्मेदारी भी जरूरी है। परिषद ने भारत की तुलना बांग्लादेश और नेपाल की परिस्थितियों से करने तथा देश में अस्थिरता पैदा करने वाले विचारों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने की बात कही।

एबीवीपी के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र सिंह निर्वाण ने कहा कि परिषद राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने वाली किसी भी विचारधारा का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को बांग्लादेश और नेपाल जैसी परिस्थितियों की ओर ले जाने की सोच रखने वाले तत्वों के विचारों का तथ्यों और तर्कों के आधार पर जवाब देना जरूरी है।

निर्वाण ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, संवाद और राष्ट्रनिर्माण के केंद्र हैं। परिसरों में अराजकता के बजाय अनुशासन, वैचारिक स्पष्टता और संवैधानिक मूल्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया।

परिषद ने कहा कि वह विद्यार्थी हितों, राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762210 Articles

Share this story