उपमुख्यमंत्री से मिला एबीवीपी का प्रतिनिधिमंडल, छात्रसंघ चुनाव और उच्च शिक्षा सुधार को लेकर सौंपा ज्ञापन
जयपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार काे राष्ट्रीय मंत्री हर्षित ननोमा के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा से मुलाकात कर प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न छात्रहितों के मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने और राज्य पात्रता परीक्षा आयोजित करने की घोषणा का स्वागत करते हुए उपमुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
ज्ञापन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप पाठ्यक्रम निर्माण, क्रियान्वयन और मूल्यांकन के लिए राज्य स्तरीय अकादमिक मॉनिटरिंग तंत्र विकसित करने, प्रदेशभर में एक समान शैक्षणिक कैलेंडर लागू करने तथा प्रवेश और नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की गई। परिषद ने राज्य उच्च शिक्षा आयोग का शीघ्र गठन, निजी विश्वविद्यालयों की निगरानी के लिए स्वतंत्र आयोग की स्थापना तथा पूर्व घोषित राज्य रिसर्च फेलोशिप योजना को गुजरात की तर्ज पर जल्द लागू करने का भी आग्रह किया।
एबीवीपी ने पिछले तीन शैक्षणिक सत्रों से स्थगित छात्रसंघ चुनाव आगामी सत्र से संविधानसम्मत, पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत कराने की मांग की। साथ ही विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक रिक्त पदों को शीघ्र भरने, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और शोधपीठों को पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालयों में भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा जर्जर महाविद्यालय भवनों और छात्रावासों, विशेषकर राजकीय महाविद्यालय बाड़मेर, डूंगरपुर और बारां में निर्माण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई।
इस अवसर पर एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री हर्षित ननोमा ने कहा कि परिषद विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों के प्रति प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के व्यावहारिक एवं सकारात्मक समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध निर्णय लेगी।
मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय संगठन मंत्री अश्वनी शर्मा, जयपुर प्रांत मंत्री शुभेन्द्र सिंह, जोधपुर प्रांत मंत्री दशरथ गर्ग, चित्तौड़ प्रांत मंत्री जितेन्द्र लोधा, जयपुर प्रांत सह मंत्री उमा सैनी सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

