जयपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई आंवला नवमी

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई आंवला नवमी


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। छोटी काशी जयपुर में कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी के अवसर पर बुधवार को आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों, उद्यानों और विभिन्न कॉलोनियों के पार्कों में महिलाओं ने आंवला वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, पति की दीर्घायु और संतान के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। सुबह से ही मंदिरों और पार्कों में श्रद्धालु महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी, जो देर शाम तक जारी रही।

चौड़ा रास्ता स्थित ऐतिहासिक ठाकुर श्री राधा दामोदर जी मंदिर में आंवला नवमी पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। मंदिर महंत मलय गोस्वामी के सान्निध्य में सुबह मंगला आरती के बाद से ही पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। पारंपरिक परिधानों में पहुंची सुहागिन महिलाओं ने मंदिर परिसर में स्थित आंवला वृक्ष की जड़ में कच्चा दूध, जल, रोली, अक्षत और मौली अर्पित कर विधिवत पूजन किया। इसके बाद कच्चा सूत वृक्ष पर लपेटते हुए 108 परिक्रमाएं लगाईं और आंवला नवमी की व्रत कथा का श्रवण किया। महिलाओं ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी से परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। मंदिर परिसर दिनभर भगवान राधा दामोदर के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा।

इसी प्रकार गोविंद देवजी मंदिर सहित शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों और स्थानीय उद्यानों में भी महिलाओं ने आंवला वृक्ष का पूजन किया। धार्मिक परंपरा के अनुसार महिलाओं ने पूर्व दिशा की ओर उन्मुख होकर षोडशोपचार पूजन किया। वृक्ष पर कच्चा दूध चढ़ाया, हल्दी लगाई और रक्षा सूत्र के रूप में मौली बांधी। पूजा-अर्चना और परिक्रमा के बाद महिलाओं ने आंवला वृक्ष के नीचे बैठकर सात्विक भोजन ग्रहण किया तथा व्रत खोला। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने सपरिवार प्रसादी ग्रहण की।

मुरलीपुरा क्षेत्र के विभिन्न पार्कों में भी आंवला नवमी के उपलक्ष्य में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में वक्ताओं ने आंवला नवमी के धार्मिक, आध्यात्मिक और वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। विश्व के प्रथम वृक्षवाचक अशोक शर्मा ने बताया कि आंवले के पवित्र वृक्ष में भगवान नारायण और माता लक्ष्मी का वास माना जाता है। इसका नक्षत्र भरणी, स्वामी शुक्र और अधिष्ठाता जगत पिता नारायण हैं।

उन्होंने आयुर्वेदिक और स्वास्थ्य संबंधी महत्व बताते हुए कहा कि आंवला वात, कफ और पित्त तीनों दोषों को शांत करने में सहायक माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन-सी पाया जाता है तथा इसकी तासीर ठंडी होती है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष की आरती की और प्रसाद के रूप में सभी को आंवला वितरित किया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवला नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा और उसके नीचे भोजन करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है। मान्यता है कि इस दिन आंवला वृक्ष में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है। इसी मान्यता के चलते महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन कर धार्मिक कथा सुनी और दान-पुण्य किया।

राधा दामोदर जी मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन और परिक्रमा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं, जिससे महिलाओं को पूजा-अर्चना में परेशानी नहीं हुई। देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं के आने-जाने का क्रम जारी रहा।

आंवला नवमी के आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय परंपरा में प्रकृति, वृक्ष संरक्षण और आयुर्वेद आधारित जीवनशैली के महत्व को भी रेखांकित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story