आम आदमी पार्टी का शक्ति प्रदर्शन शनिवार कोः जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
आम आदमी पार्टी का शक्ति प्रदर्शन शनिवार कोः जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता


जयपुर, 26 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने राजस्थान में प्रदेश से लेकर ग्रामीण स्तर तक मज़बूत ढांचा खड़ा कर लिया है। प्रदेश में मज़बूत तीसरे विकल्प के रूप में आदमी पार्टी ने प्रदेश में क़रीब साढ़े छह हज़ार ज़िम्मेदार कार्यकर्ताओं की मज़बूत टीम तैयार कर ली है। पार्टी ने प्रदेश में तीन चरणों में 6 हजार 323 पदाधिकारियों का संगठनात्मक ढाँचा खड़ा किया है। प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने बताया कि तीसरे चरण में नव नियुक्त पदाधिकारियों को शनिवार को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक शपथ दिलायेंगे। पालीवाल ने बताया कि जयपुर के मानसरोवर स्थित वीटी रोड ग्राउंड पर भव्य शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसमें प्रदेश भर के 10 हज़ार से ज्यादा कार्यकर्ता जुटेंगे।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने बताया कि इस आयोजन के जरिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को पूरे तन मन और धन से जुटने का आह्वान किया जायेगा।

प्रदेश में जिस तरह कांग्रेस- बीजेपी की मिलीभगत की सरकारें रही उससे जनता निजात पाना चाह रही है। इसलिए तीसरे विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी का कुनबा बढ़ता जा रहा है। और आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचेगा और बीजेपी-कांग्रेस के इतने सालों के कारनामों को उजागर करेगा। पालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की ताकत बढ़ने से प्रदेश के मुखिया और मुख्य विपक्षी दल के नेताओं की चिंता बढ़ गई है। इसलिए दोनों दलों में भयंकर निराशा का माहौल है।

पालीवाल ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी मुख्य विपक्षी दल है लेकिन कभी बीजेपी नेताओं ने मुख्य विपक्षी दल होने की भूमिका पूरी जिम्मेदारी से नहीं निभाई। बल्कि भ्रष्टाचार के मामले में एक दूसरे की मदद करने में लग जाते हैं। जबसे प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने सक्रियता दिखाते हुए बीजेपी औऱ कांग्रेस के चेहरे से एक-दूसरे का विरोधी होने का मुखोया उतारा है, तब से जनता की आम आदमी पार्टी से उम्मीदें बढ़ गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश सैनी/ईश्वर

Share this story