दो दिन पहले बना दूल्हा, बहन की शादी में जाने निकला था, रास्ते में मौत

WhatsApp Channel Join Now
दो दिन पहले बना दूल्हा, बहन की शादी में जाने निकला था, रास्ते में मौत


दो दिन पहले बना दूल्हा, बहन की शादी में जाने निकला था, रास्ते में मौत


चित्तौड़गढ़, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र के पारसोली थाना इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। बड़ाखेड़ा गांव में बहन की शादी में बारात मनाने जा रहे एक युवक की बजरी से भरे डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि मृतक युवक की शादी महज दो दिन पहले ही हुई थी।

जानकारी के अनुसार, बड़ाखेड़ा गांव निवासी किशन लाल पुत्र नारायण हजूरी अपनी बहन की शादी के लिए उत्साह के साथ बारात में शामिल होने जा रहा था। घर में नई-नई शादी की खुशियां थीं, रिश्तेदारों का जमावड़ा था और पूरे परिवार में जश्न का माहौल था। लेकिन किसे पता था कि यह खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल जाएगी।

मंगलवार को गांव के स्कूल के सामने अचानक एक तेज रफ्तार बजरी से भरा डंपर आया और किशन लाल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। किशन लाल की शादी 19 अप्रैल, शनिवार को ही बड़े धूमधाम से संपन्न हुई थी। अभी घर में शादी की रस्में और खुशियां चल ही रही थीं कि बहन की शादी के दिन यह दर्दनाक हादसा हो गया। एक ही घर में जहां शहनाइयां गूंज रही थीं, वहीं कुछ ही देर बाद चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अवैध बजरी परिवहन को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए ऐसे डंपरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की, जो बेधड़क गांवों में तेज रफ्तार से चलते हैं और हादसों को न्योता देते हैं।

पारसोली थानाधिकारी ठाकराराम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पारसोली चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने संबंधित डंपर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।यह हादसा एक बार फिर अवैध बजरी परिवहन और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े करता है, जो आए दिन निर्दोष लोगों की जान ले रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story