सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक की सामाजिक सरोकार एवं जनकल्याण की अनूठी पहल

WhatsApp Channel Join Now
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक की सामाजिक सरोकार एवं जनकल्याण की अनूठी पहल


बीकानेर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब नेशनल बैंक, मंडल कार्यालय बीकानेर द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 (26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026) के अंतर्गत शुक्रवार को पीबीएम अस्पताल, बीकानेर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बैंक के मंडल प्रमुख गजेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के अनेक सामाजिक दायित्व होते हैं, जिनमें किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए किया गया कार्य सर्वोपरि है। रक्तदान ऐसा ही पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से हम किसी अनजान व्यक्ति को भी जीवनदान देने का माध्यम बन सकते हैं। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने रक्त को उपहार स्वरूप प्रदान कर सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई उपहार नहीं हो सकता, क्योंकि यह किसी व्यक्ति और उसके परिवार के लिए जीवन की नई उम्मीद बनता है।

इस अवसर पर मिड कॉर्पोरेट शाखा के सहायक महाप्रबंधक नीरज गर्ग ने रक्तदान शिविर में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने वाले सभी बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता बैंक की सामाजिक प्रतिबद्धता और सामूहिक सेवा भावना को प्रदर्शित करती है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का आयोजन मंडल कार्यालय की ओर नितिन जायसवाल एवं दीपक हर्ष द्वारा किया गया। शिविर के सफल आयोजन में पीबीएम अस्पताल प्रशासन की ओर से डॉ. ऋषि माथुर एवं राजेश राठी का विशेष सहयोग रहा। बैंक एवं अस्पताल प्रशासन के आपसी समन्वय से शिविर सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story