रेलकर्मियों की एक फोन कॉल ने लौटा दी यात्री की अमानत : ऑपरेशन अमानत एक बार फिर सार्थक

WhatsApp Channel Join Now
रेलकर्मियों की एक फोन कॉल ने लौटा दी यात्री की अमानत : ऑपरेशन अमानत एक बार फिर सार्थक


काेटा, 03 मई (हि.स.)। गाड़ी चल पड़ी थी, स्टेशन पीछे छूट चुका था और तब एहसास हुआ कि बैग सीट पर ही रह गया। ऐसे ही एक कठिन क्षण में गुना निवासी यात्री ललित शर्मा के लिए कोटा मंडल के रेलकर्मी उम्मीद की किरण बनकर सामने आए। पश्चिम मध्य रेलवे के ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत रेल सुरक्षा दस्ते और रेलवे सुरक्षा बल की सक्रियता से यात्री का छूटा बैग न केवल सुरक्षित बरामद किया गया, बल्कि विधिवत उनके परिजनों को वापस भी सौंप दिया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 18009 में सागर से गुना तक यात्रा कर रहे ललित शर्मा, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, गुना (मध्य प्रदेश) का एक बैग कोच एस-05 की सीट संख्या 09 पर छूट गया था। इस बैग में लगभग ₹5,000 मूल्य का घरेलू सामान था।यात्री ने तुरंत रेलमदद हेल्पलाइन पर सूचना दी और यहीं से शुरू हुई बैग को वापस दिलाने की कोशिश। कण्ट्रोल रूम से सूचना मिलते ही रेल सुरक्षा दस्ते के प्रधान आरक्षक हरिनारायण मीना ने गाड़ी के सोगरिया पहुँचने पर तत्परता से कोच की तलाशी ली और बैग को सुरक्षित बरामद कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, कोटा में जमा करवाया। इसके बाद यात्री के परिजन नीरज शर्मा पोस्ट पर पहुँचे और अपनी पहचान प्रस्तुत की। यात्री से मोबाइल पर सीधी पुष्टि करवाने के उपरांत उप-निरीक्षक सुमित रघुवंशी ने वह बैग परिजनों को सकुशल सौंप दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story