जयपुर टाइगर फेस्टिवल की एक नई पहल: सरकारी विद्यालयों के बच्चों को कराया झालाना लेपर्ड सफारी का निशुल्क भ्रमण
जयपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर टाइगर फेस्टिवल की ओर से नई पीढ़ी को वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने के लिए एक पहल की गई है।
जयपुर टाइगर फेस्टिवल सेक्रेटरी आनंद अग्रवाल ने बताया कि संस्थान ने इस मुहिम में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में 75% अथवा इससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को जोड़ा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत हर बुधवार को शहर के एक राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों को निशुल्क झालाना लैपर्ड सफारी घुमाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत राजकीय विद्यालयों के चुनिंदा विद्यार्थियों को जंगल दिखाने, वन एवं वन्यजीवों, वनस्पतियों, पेड़ -पौधों से रूबरू कराने के साथ उनके बारे में विस्तृत जानकारी बच्चों को दी जाएगी। इसके तहत बुधवार को झालाना लेपर्ड सफारी के फॉरेस्टर राजकिशोर योगी और रेंजर्स जितेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में जयपुर टाइगर फेस्टिवल के प्रेसिडेंट संजय कुमार ख्वाड और सेक्रेटरी आनंद अग्रवाल के सानिध्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुखपुरिया सांगानेर जयपुर के विद्यार्थियों को लैपर्ड सफारी का भ्रमण करवाया गया। अग्रवाल ने बताया कि आने वाले समय में इन बच्चों की एक परीक्षा भी आयोजित की जाएगी, जिसमें उन्होंने जंगल भ्रमण से क्या सीखा, इसके ज्ञान की तुलना की जाएगी। अध्यक्ष संजय खवाड़ ने बताया कि इस अभियान में शामिल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को एक बड़े कार्यक्रम में सम्मानित किये जाने की भी योजना है। यह कार्यक्रम वन विभाग राजस्थान द्वारा निःशुल्क आयोजित किया गया है जिसमें राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद का पूर्ण सहयोग प्राप्त है । उन्होंने वन विभाग एवं वन मंत्री आदरणीय श्री संजय शर्मा जी का धन्यवाद दिया कि उन्होंने राजकीय विद्यालयों के छात्रों के लिए इस निःशुल्क योजना बनाई। कार्यक्रम का समन्वयक जयपुर टाइगर फेस्टिवल द्वारा किया गया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

