राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय इकाई के तत्वावधान में भारतीय शिक्षण मंडल, चित्तौड़ प्रांत की बैठक आयोजित
अजमेर, 06 जुलाई(हि.स.)। भारतीय शिक्षण मंडल, चित्तौड़ प्रांत की प्रांतीय बैठक का आयोजन सोमवार को राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय इकाई के तत्वावधान में राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, बांदरसिंदरी में संपन्न हुआ। बैठक में प्रांत के पदाधिकारियों के साथ विश्वविद्यालय इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बैठक का आयोजन भारतीय शिक्षण मंडल, चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष एवं राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आनंद भालेराव के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ. संजय पाठक, प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. अनिल गुप्ता, प्रांत मंत्री डॉ. आर. के. मोटवानी तथा जगदीश साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्येय वाक्य एवं संगठन मंत्र के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। अपने उद्बोधन में डॉ. संजय पाठक ने भारतीय शिक्षण मंडल के पाँच प्रमुख स्तंभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए पाठ्यक्रम, शिक्षा नीति एवं प्रविधि (प्रौद्योगिकी) के विभिन्न आयामों पर चर्चा की। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सतत प्रयास करने का आह्वान किया।
प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. अनिल गुप्ता ने संगठन के विस्तार, नई इकाइयों के गठन तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रांत मंत्री डॉ. आर. के. मोटवानी ने विश्वविद्यालय इकाइयों का कार्य केवल विश्वविद्यालय परिसर तक सीमित न रखते हुए समाज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक संगठन की गतिविधियों का विस्तार करने पर बल दिया। वहीं, जगदीश साहू ने सदस्यता अभियान को व्यापक एवं प्रभावी बनाने तथा अधिकाधिक शिक्षकों, शोधार्थियों एवं शिक्षाविदों को भारतीय शिक्षण मंडल से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रो. राघवेंद्र भट्ट, डॉ. ज्ञान रंजन पांडा, डॉ. प्रमोद कांबले, डॉ. शैलेश पाटीदार, डॉ. अखिल अग्रवाल, डॉ. ओम कुमार कर्ण, डॉ. अक्षांश भारद्वाज, केशव कुमार शर्मा, सुश्री अंजलि रमोला सहित राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय इकाई के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

