लोगों को घायल करने वाले लेपर्ड की मौत, झाड़ियों में मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
लोगों को घायल करने वाले लेपर्ड की मौत, झाड़ियों में मिला शव


डूंगरपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के आसपुर वन क्षेत्र के रामा कस्बे में सोमवार को दो लोगों को घायल करने वाले लेपर्ड की मंगलवार को मौत हो गई। लेपर्ड का शव झाड़ियों में मिलने से वन विभाग में भी हलचल मच गई। वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया। प्रारंभिक तौर पर लेपर्ड की मौत बीमारी के कारण होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को रामा कस्बे में नहर किनारे तालाब के पास लेपर्ड की मौजूदगी से लोगों में दहशत फैल गई थी। लेपर्ड के गुर्राने और अचानक हमले की घटना में दो लोग घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। घटना के बाद आसपास की झोपड़ियों में रहने वाले लोगों में भय का माहौल बन गया। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई और लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी। मंगलवार को वन विभाग ने लेपर्ड को सुरक्षित तरीके से पकड़ने और ट्रेंकुलाइज करने के लिए उदयपुर से विशेष टीम बुलाई। टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन इसी दौरान लेपर्ड झाड़ियों में मृत अवस्था में मिला। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।

क्षेत्रीय वन अधिकारी सोनम मीणा ने बताया कि लेपर्ड की मौत बीमारी के कारण होने की आशंका है। हालांकि, अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। दो लोगों को घायल करने के बाद लेपर्ड की मौत की घटना ने क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों और उनकी सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू कर दी है। फिलहाल वन विभाग की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है, जिससे लेपर्ड की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760346 Articles

Share this story