सामान्य प्रसव से जन्मी 5.200 किलो की स्वस्थ बच्ची

WhatsApp Channel Join Now
सामान्य प्रसव से जन्मी 5.200 किलो की स्वस्थ बच्ची


जोधपुर, 21 मई (हि.स.)। जोधपुर के ग्रामीण क्षेत्र स्थित केरू अस्पताल से गुरुवार को एक बेहद सुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां अस्पताल में एक महिला ने सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) के जरिए एक ऐसी बच्ची को जन्म दिया है, जिसका वजन आम नवजातों की तुलना में लगभग दोगुना है। कुल 5 किलो 200 ग्राम वजनी इस नवजात बच्ची का जन्म पूरे इलाके में भारी कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, घंटियाला गांव की रहने वाली 32 वर्षीय लीला देवी पत्नी पोदाराम लोहार को प्रसव पीड़ा होने पर केरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आमतौर पर इतने अधिक वजन के मामलों में सिजेरियन डिलीवरी का सहारा लेना पड़ता है, लेकिन अस्पताल की मेडिकल टीम की सूझबूझ और महिला की हिम्मत से यह प्रसव पूरी तरह सामान्य रहा।

केरू अस्पताल के वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी दिनेश चौधरी ने प्रसव के बाद जानकारी देते हुए बताया कि सामान्य प्रसव से इतने अधिक वजन की बच्ची का जन्म होना एक दुर्लभ और सुखद घटना है। राहत की बात यह है कि जच्चा (मां) और बच्चा दोनों पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित हैं। इस जटिल और सफल सामान्य प्रसव को सुरक्षित अंजाम देने में केरू अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम ने अहम भूमिका निभाई। इस टीम में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश सैनी, डॉ. कविता चौधरी, डॉ. महेश भार्गव, डॉ. विशाल दाधीच, डॉ. दीक्षा और रंजीत सिंह चौधरी सहित अन्य नर्सिंग स्टाफ शामिल रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story