गंगाशहर-भीनासर गोचर में 5 जुलाई काे होगा 11 हजार खेजड़ी पौधों का महाउत्सव

WhatsApp Channel Join Now
गंगाशहर-भीनासर गोचर में 5 जुलाई काे होगा 11 हजार खेजड़ी पौधों का महाउत्सव


बीकानेर, 29 जून (हि.स.)। बीकानेर वैचारिक जागरण मंच के तत्वावधान में आगामी 5 जुलाई को प्रातः 6 बजे से 10 बजे तक गंगाशहर-भीनासर गोचर भूमि में 11 हजार खेजड़ी के पौधे लगाने का भव्य खेजड़ली उत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य मरुस्थलीय पर्यावरण के संरक्षण और भावी पीढ़ियों के लिए हरित विरासत का निर्माण करना है।

मंच के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि खेजड़ी केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि मरुस्थलीय प्रकृति चक्र की धुरी और रेगिस्तानी पारिस्थितिकी तंत्र का आधार स्तम्भ है। खेजड़ी का अपना एक जैविक संसार है, जिसमें वनस्पति चक्र, पक्षी, कीट-पतंगे और मृदा पारिस्थितिकी का सूक्ष्म जीवन चक्र समाहित है। खेजड़ी चारा, लकड़ी, सांगरी, भूजल संरक्षण और मिट्टी संरक्षण का प्राकृतिक स्रोत है। इसके बिना मरुस्थल की पारिस्थितिकी की कल्पना भी कठिन है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और धर्मशास्त्रों में वर्णित शमी वृक्ष के रूप में भी खेजड़ी का विशेष महत्व है। इसी महत्व को जन-जन तक पहुँचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक चेतना विकसित करने के उद्देश्य से यह जनभागीदारी आधारित अभियान आयोजित किया जा रहा है।

इस महाअभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम, बीकानेर विकास प्राधिकरण, वन विभाग, पर्यावरण क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित लक्ष्मण सिंह लोपड़िया, श्याम सुन्दर पालीवाल, हिमताराम भाम्भू सहित एनसीसी, स्काउट-गाइड, रोटरी क्लब, लायन्स क्लब, महावीर इंटरनेशनल, कृषि विश्वविद्यालय, पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय, एमजीएस विश्वविद्यालय, ब्रह्माकुमारी केंद्र, योग सेवा संस्थान, विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठन, महिला संगठन, बार एसोसिएशन, कर्मचारी संगठन, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों के साथ आमजन की सहभागिता रहेगी।

आयोजन में संत समाज की भी विशेष भागीदारी रहेगी। अधिष्ठाता स्वामी विर्मशानंद जी, रामेश्वरानंद जी, महंत सरजूदास जी, स्वामी सच्चिदानन्द महाराज, जैन मुनि, तेरापंथ समाज, युवक परिषद, महिला मंडल, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, स्वयंसेवक, खेल संगठन तथा खेजड़ी बचाओ आंदोलन के प्रतिनिधि भी पौधरोपण करेंगे।

इस सम्बंध में जिला उद्याेग संघ में आयाेजित प्रेस कांफ्रेंस में सरजूदास जी महाराज, डी.पी.पचीसिया, विनाेद जाेशी, नारायण चाैपड़ा, वरिष्ठ पत्रकार हेम शर्मा सहित अनेक माैजूद रहे।

बीकानेर वैचारिक जागरण मंच ने सभी पर्यावरण प्रेमियों एवं आम नागरिकों से इस पुण्य अभियान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर खेजड़ी संरक्षण और हरित बीकानेर के संकल्प को साकार करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story