भाजपा का कोर वोट बैंक खिसका, इस बार कांग्रेस की लहर: गहलोत

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा का कोर वोट बैंक खिसका, इस बार कांग्रेस की लहर: गहलोत


जोधपुर, 09 सितम्बर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के प्रति जनता में बढ़ते आक्रोश का असर नगरीय निकाय चुनावों में साफ दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि जोधपुर सहित प्रदेशभर में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन चुका है और भाजपा का तथाकथित कोर वोट बैंक भी उससे दूर होता दिखाई दे रहा है। यूजीसी सहित इनके कई कुकर्म हैं जो इनके आड़े आ रहे हैं। यह बात उन्होंने जोधपुर में मीडिया से बात करते हुए कही।

गहलोत ने आरोप लगाया कि इस राज में जो भ्रष्टाचार बढ़ा है, उसने सारी सीमाएं तोड़ दी हैं। हलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल के लगातार चुनावी दौरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि कोई मुख्यमंत्री स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान पूरे प्रदेश में लगातार प्रचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने कार्यों के आधार पर जनता का विश्वास हासिल करना चाहिए। उन्होंने कोई काम नहीं किया, इसलिए अब घूमना पड़ रहा है।

गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है और पिछली कांग्रेस सरकार की कई योजनाओं को बंद अथवा कमजोर कर दिया गया है। उन्होंने पट्टों के वितरण सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लाखों लोगों को पट्टे दिए गए और प्रशासनिक स्तर पर विकास कार्यों का माहौल बना हुआ था। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव स्थानीय नेतृत्व के दम पर लड़े जाते हैं। कांग्रेस के स्थानीय नेता जमीन से जुड़े, सक्षम और योग्य हैं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो फीडबैक मिल रहा है, उसके अनुसार आम जनता कांग्रेस के साथ जुड़ रही है।

पहले सरकार बनाकर देती थी इमारतें

पूर्व मुख्यमंत्री ने नई इमारतों में पहली बारिश के दौरान पानी भरने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और ठेकेदारों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, न्यायालय भवनों और अन्य नई इमारतों में निर्माण गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों की गंभीर समीक्षा होनी चाहिए।

उन्होंने हाईकोर्ट बिल्डिंग के निर्माण को लेकर कहा कि पहले सरकार के विभाग काम करवा कर हैंड ओवर करते थे, जिससे जवाबदेही तय होती थी, लेकिन हाईकोर्ट का निर्माण हाईकोर्ट प्रशासन ने करवाया और मॉनिटरिंग भी उन्होंने ही की थी। गहलोत ने कहा कि जोधपुर के नए एयरपोर्ट भवन के निर्माण में कांग्रेस सरकार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा और भूमि संबंधी लंबित मामलों के समाधान के बाद परियोजना को गति मिली। उन्होंने नई सरकारी इमारतों के निर्माण और रखरखाव में जिम्मेदारी तय करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story