वैदिक मंत्रों के साथ श्री कृष्ण बलराम मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी का शुभारम्भ

WhatsApp Channel Join Now
वैदिक मंत्रों के साथ श्री कृष्ण बलराम मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी का शुभारम्भ


जयपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। जगतपुरा स्थित श्री कृष्ण बलराम मंदिर में आध्यात्मिक उत्साह और वैदिक मंत्रों के साथ शुक्रवार की सुबह जगतपुरा के श्री श्री कृष्ण बलराम मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का शुभारम्भ हुआ। पुरे दिन मंदिर में हरिनाम संकीर्तन का विशेष आयोजन रहा। लगभग दो लाख भक्तों ने मंदिर में भगवान के दर्शन किये, मंदिर परिसर को विशेष रूप से कोलकाता, बेंगलुरु और देश के अन्य भागों से फूलो एवं भव्य डेकोरेशन लाइट सजाया गया। मंदिर में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर में 100 से अधिक सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। स्क्रीनिंग के लिए मेटल डिटेक्टर एवं सी सी टीवी कैमरा पुरे मंदिर परिसर में लगाये गए। मंदिर में आने वाले सभी भक्तों को निशुल्क प्रसाद में पंजीरी एवं फलों को वितरित किया गया।

मंदिर अध्यक्ष अमितासना दास ने बताया कि श्री श्री कृष्ण बलराम मंदिर में भगवान को लिए फूल बंगला में सजाया गया। सवा लाख की पोशाक ठाकुर जी के लिए वृंदावन से बनवाई गई एवं ठाकुर जी को 108 व्यंजनों का भोग लगाया गया। भगवान के अभिषेक के लिए कन्नौज से गुलाब जल और केवड़े का पानी मंगवाया गया। सर्वप्रथम अभिषेक से पहले भगवान को चंदन तेल से मालिश किया गया। फिर पंचामृत एवं पंचगव्य एवं 21 प्रकार के फलों के रस से भगवान का अभिषेक किया गया। चरणामृत को भक्तों में बांटा गया। मन्दिर परिसर मे तीन जगह लड्डू गोपाल के झूलन लगाए गए, ताकि सभी भक्त भगवान का झूलन सेवा में भाग ले सके। मंदिर में श्री कृष्ण बलराम की मनमोहक झांकी सजाई गई।

उन्होंने बताया कि 20 अगस्त नंदोत्सव जो कि जन्माष्टमी के दूसरे दिन मनाया जाता है यह एक महत्वपूर्ण तिथि है। इस दिन हरे कृष्ण आंदोलन (इस्कॉन) के संस्थापक आचार्य, कृष्ण कृपा मूर्ति ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की 126वीं जयंती मना रहे हैं। इस अवसर पर मंदिर में व्यास पूजा के अंतर्गत सायं 5 बजे से अभिषेकम एवं हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेेेेश/ ईश्वर

Share this story