बीकानेर में जल्द दौड़ेंगी 75 ई-बसें, आधुनिक परिवहन सुविधा को मिलेगा बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में जल्द दौड़ेंगी 75 ई-बसें, आधुनिक परिवहन सुविधा को मिलेगा बढ़ावा


बीकानेर, 05 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बीकानेर शहर में शीघ्र ही 75 हाईटेक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। यह जानकारी भाजपा नेता रवि शेखर मेघवाल ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के प्रयासों से केंद्र सरकार ने योजना के अंतर्गत 125 बसों को स्वीकृति दी है, जिनमें से प्रथम चरण में 75 ई-बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इन बसों के शुरू होने से शहरवासियों को सस्ती, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

मेघवाल ने कहा कि ई-बसों के संचालन से बीकानेर में प्रदूषण में कमी आएगी और शहर को ग्रीन एवं आधुनिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम की दिशा में नई पहचान मिलेगी। ये बसें कम शोर करती हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण भी घटेगा। उन्होंने बताया कि ई-बसों के चार्जिंग के लिए महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के पास चार्जिंग डिपो एवं अत्याधुनिक वर्कशॉप लगभग तैयार हो चुका है। बसों का संचालन शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों तक भी किया जाएगा, जिससे श्रमिकों और ग्रामीणों को सस्ती एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। बस का दरवाजा बंद होने के बाद ही बस चलेगी, तापमान बढ़ने पर अलार्म बजेगा और सभी बसें जीपीएस सिस्टम से लैस होंगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे, दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर एवं लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि इन वातानुकूलित बसों में महिलाओं के लिए चार सीटें आरक्षित रहेंगी, जिनका रंग पिंक होगा। बसों का संचालन देशनोक, कोडमदेसर, उदासर, नाल, उदयरामसर, रायसर, शोभासर, हुसंगसर, गंगाशहर और भीनासर सहित विभिन्न क्षेत्रों तक किया जाएगा। साथ ही जूनागढ़ किला और लक्ष्मीनाथ मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक भी बस सेवा उपलब्ध होगी।

मेघवाल ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story