लक्ष्मण मैदान में प्रदेश की 640 बेटियों ने दिखायेंगी दमखम, 37 टीमों के बीच हॉकी का रोमांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
लक्ष्मण मैदान में प्रदेश की 640 बेटियों ने दिखायेंगी दमखम, 37 टीमों के बीच हॉकी का रोमांच शुरू


लक्ष्मण मैदान में प्रदेश की 640 बेटियों ने दिखायेंगी दमखम, 37 टीमों के बीच हॉकी का रोमांच शुरू


लक्ष्मण मैदान में प्रदेश की 640 बेटियों ने दिखायेंगी दमखम, 37 टीमों के बीच हॉकी का रोमांच शुरू


डूंगरपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। लक्ष्मण मैदान गुरुवार को उस समय जोश और जज्बे से सराबोर हो उठा, जब प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंची बेटियों ने हाथों में हॉकी स्टिक थामी और मैदान पर कदमताल करते हुए अपने इरादे जाहिर किए। मौका था 70वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय छात्रा हॉकी खेलकूद प्रतियोगिता के भव्य शुभारंभ का। अनुशासनबद्ध मार्च पास्ट, देशभक्ति के नारों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच शुरू हुई इस प्रतियोगिता में प्रदेश की 37 टीमों की 640 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय देवेंद्र बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, डूंगरपुर की मेजबानी में आयोजित प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसेडर एवं नगर परिषद के पूर्व सभापति के.के. गुप्ता, समाजसेवी अशोक पटेल तथा बंशीलाल कटारा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

समारोह में समाजसेवी अशोक पटेल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज जिन बेटियों के हाथों में हॉकी स्टिक है, कल उन्हीं हाथों में देश का तिरंगा होगा। उन्होंने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। जरूरत सिर्फ उनकी प्रतिभा को पहचानने और उसे उचित मंच देने की है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत में विनम्र रहने और हार को अपनी कमियों से सीखने का अवसर बनाने का आह्वान किया।

समाजसेवी बंशीलाल कटारा ने कहा कि हौसले बुलंद हों तो संसाधनों की कमी भी सफलता की राह नहीं रोक सकती। स्पष्ट लक्ष्य और मेहनत के दम पर खिलाड़ी विपरीत परिस्थितियों को भी अवसर में बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर देना समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करना है।

पूर्व सभापति के.के. गुप्ता ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से ‘खेलो इंडिया’ सहित विभिन्न माध्यमों से बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने आगामी खेल आयोजनों में नगर परिषद की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

समारोह की शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। इसके बाद मेजबान देवेंद्र बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों की खिलाड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट करते हुए अतिथियों को सलामी दी। मैदान में जब एक के बाद एक टीमों ने कदमताल किया तो पूरा वातावरण खेल भावना और देशभक्ति से भर गया। उद्घाटन की औपचारिक घोषणा के बाद खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और सत्यनिष्ठा के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ ली।

प्रतियोगिता में 34 जिलों और 3 खेल अकादमियों सहित कुल 37 टीमें भाग ले रही हैं। मैदान पर 640 बालिका खिलाड़ी अपना हुनर दिखाएंगी, जबकि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 148 निर्णायक एवं खेल विशेषज्ञ जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मुकाबले लीग, सुपर लीग और नॉकआउट चरण में खेले जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story