जयपुर में स्टिंग एनर्जी ड्रिंक की सात हजार बोतलें सीज

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में स्टिंग एनर्जी ड्रिंक की सात हजार बोतलें सीज


जयपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को जयपुर में कार्रवाई करते हुए कैफीनेटेड बेवरेज स्टिंग एनर्जी की 7 हजार बोतलें सीज कर दीं। कार्रवाई मांग्यावास स्थित पेप्सीको की एजेंसी मैसर्स प्रियंका मार्केटिंग पर की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्टिंग एनर्जी की बोतलों पर ''दिमाग को सक्रिय करता है', 'शरीर को ऊर्जा देता है' और 'वही बेहतरीन स्वाद'' जैसे दावे अंकित पाए गए, जिन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के दिशा-निर्देशों के अनुसार भ्रामक प्रचार की श्रेणी में माना जाता है।

टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत पेय पदार्थ के नमूने जांच के लिए लिए और 250 एमएल क्षमता की 7 हजार शेष बोतलों को मौके पर ही सीज कर दिया।

डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार कैफीनेटेड बेवरेज पर 'एनर्जी ड्रिंक', 'स्पोर्ट्स ड्रिंक', 'स्टिम्युलेट्स माइंड' अथवा 'एनर्जाइजेस बॉडी' जैसे दावों का उल्लेख करना भ्रामक माना जाता है। हाल ही में एफएसएसएआई, नई दिल्ली ने इस संबंध में पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों को नोटिस भी जारी किए हैं।

उन्होंने बताया कि अधिक कैफीन वाले ऐसे पेय पदार्थ गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई सीएमएचओ जयपुर द्वितीय के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा अभियान के तहत की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story