दीपावली पर सजेंगे जयपुर के 51 बाजार: कहीं राम मंदिर तो कहीं हेरिटेज थीम

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर सजेंगे जयपुर के 51 बाजार: कहीं राम मंदिर तो कहीं हेरिटेज थीम


जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर गुलाबी नगरी के बाजार रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगाने लगे हैं। जयपुर व्यापार महासंघ की ओर से शहर के 51 बाजारों में 11 दिन तक सामूहिक सजावट की जाएगी। इस बार सभी बाजारों को अलग-अलग थीम पर सजाया जा रहा है। कहीं भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर और रामसेतु निर्माण की झांकी नजर आएगी, तो कहीं गुलाबी रोशनी में जयपुर की ऐतिहासिक विरासत और देशभक्ति के रंग दिखाई देंगे।

जयपुर व्यापार महासंघ के जनरल सेक्रेटरी सुरेश सैनी ने बताया कि चारदीवारी की दीपावली की रोशनी देश ही नहीं, विदेशों तक प्रसिद्ध है। इसी पहचान को और भव्य बनाने के लिए इस बार बाजारों की सजावट में जयपुर की संस्कृति, धार्मिक आस्था और विरासत को प्रमुखता दी गई है। खास बात यह है कि इस बार नगर निगम की ओर से बाजारों की सजावट के लिए 11 दिन की अनुमति दी गई है, जबकि पहले सात दिन की अनुमति मिलती थी।

इस बार चारदीवारी के छोटी चौपड़ पर भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की झांकी तैयार की जा रही है। यह मंदिर 42 फीट चौड़ा और 36 फीट ऊंचा होगा। झांकी में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, जामवंत, नल और नील सहित वानर सेना के प्रमुख पात्रों को दर्शाया जाएगा। इसका विशेष आकर्षण रामसेतु निर्माण का जीवंत दृश्य होगा। इसमें वानर सेना के सदस्य लगातार चलते हुए, पत्थर उठाते हुए और समुद्र में डालकर रामसेतु का निर्माण करते दिखाई देंगे। नल और नील के निर्देशन में सेतु निर्माण के पूरे दृश्य को स्वचालित तकनीक से प्रस्तुत करने की तैयारी है। समुद्र की लहरों, चट्टानों, विशेष प्रकाश व्यवस्था और चलायमान पात्रों के माध्यम से इसे वास्तविक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

सुरेश सैनी ने बताया कि जयपुर की स्थापना के 300वें वर्ष की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए इस बार सजावट की रूपरेखा तैयार की गई है। एमआई रोड को गुलाबी थीम पर सजाया गया है, वहीं गणगौरी बाजार में हेरिटेज थीम दिखाई देगी। चौड़ा रास्ता बाजार में देशभक्ति के रंग नजर आएंगे। जौहरी बाजार और त्रिपोलिया बाजार में धार्मिक थीम पर सजावट की तैयारी की जा रही है। वहीं छोटी चौपड़ पर राम मंदिर और रामसेतु की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगी।

चांदपोल बाजार की दीपावली सजावट भी विशेष आकर्षण रहेगी। सुरेश सैनी ने बताया कि पिछले 22 वर्षों से बाजार में सामूहिक सजावट की परंपरा निभाई जा रही है। इसके माध्यम से व्यापार मंडल हर साल शहरवासियों और पर्यटकों को कुछ नया और भव्य दिखाने का प्रयास करता है। बाजारों की सामूहिक सजावट व्यापारियों की एकजुटता के साथ जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करती है। इस बार भी रोशनी, धार्मिक झांकियों और हेरिटेज थीम के जरिए दीपावली पर गुलाबी नगरी को खास रूप देने की तैयारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story