अलवर से जयपुर आया 500 किलो घटिया पनीर पकड़ा: नमूने जांच के लिए भेजे
जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मालवीय नगर सेक्टर-10 स्थित जनता डेयरी पर कार्रवाई की। यहां करीब 500 किलो घटिया श्रेणी का पनीर मिलने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के तहत नमूने लिए गए और शेष पनीर खाने योग्य नहीं पाए जाने पर नष्ट करवा दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि मौके पर मौजूद दुकानदार इरफान ने पूछताछ में सामने आया कि वह अलवर से 200 रुपए प्रति किलो की दर से पनीर खरीदकर जयपुर के विभिन्न ढाबों और रेस्टोरेंटों में बेचता है। विभाग का कहना है कि इतनी कम कीमत पर गुणवत्तायुक्त पनीर तैयार होना संभव नहीं है। इस तरह का घटिया पनीर रिफाइंड खाद्य तेल और मिल्क पाउडर आदि से तैयार किए जाने की आशंका है।
विभाग के मुताबिक, कुछ व्यापारी सस्ते दाम पर खरीदे गए घटिया पनीर को होटलों में करीब 400 रुपए प्रति किलो तक बेच देते हैं, ताकि उसकी गुणवत्ता पर संदेह न हो। त्योहारी सीजन में ऐसे पनीर की आवक बढ़ने की आशंका के चलते टीम ने रैकी कर जानकारी जुटाई और कार्रवाई की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए जयपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

