500 करोड़ की निवेश धोखाधड़ी मामला: ईडी की जयपुर सहित 7 ठिकानों पर रेड

WhatsApp Channel Join Now
500 करोड़ की निवेश धोखाधड़ी मामला: ईडी की जयपुर सहित 7 ठिकानों पर रेड


500 करोड़ की निवेश धोखाधड़ी मामला: ईडी की जयपुर सहित 7 ठिकानों पर रेड


जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 32 एवेन्यू रियल्टी ग्रुप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर सहित देशभर में 7 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। यह कार्रवाई 13 और 14 अप्रैल को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई, जिसमें करीब 500 करोड़ रुपए के कथित निवेश घोटाले की जांच की जा रही है।

ईडी सूत्रों के अनुसार ग्रुप पर निवेशकों को ऊंचे रिटर्न का लालच देकर करोड़ों रुपए का निवेश कराने और बाद में न तो तय रिटर्न देने और न ही प्रोजेक्ट समय पर पूरा करने के आरोप हैं। इस मामले में दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस द्वारा अनुभव शर्मा, ध्रुव शर्मा सहित अन्य के खिलाफ दर्ज कई एफआईआर के आधार पर ईडी ने जांच शुरू की थी।

जांच के तहत ईडी ने ग्रुप के प्रमोटर-डायरेक्टर अनुभव शर्मा, ध्रुव शर्मा और अन्य से जुड़े जयपुर, दिल्ली-एनसीआर, गोवा और मुंबई स्थित परिसरों पर एक साथ छापेमारी की। सर्च के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

ईडी के अनुसार आरोपितों पर निवेशकों को प्रलोभन देकर धन जुटाने, संपत्तियों का कब्जा न सौंपने, धन के गबन व दुरुपयोग, जाली दस्तावेज तैयार करने और विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से धन की हेराफेरी करने जैसे गंभीर आरोप हैं।

एजेंसी अब मनी ट्रेल का पता लगाने के लिए बैंक खातों और संपत्तियों की गहन जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story