राजस्थान में लगाए जाएंगे 50 करोड़ पौधे: वन मंत्री
जोधपुर, 22 मई (हि.स.)। प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक पौधा मां के नाम अभियान का आह्वान पूरे देश के लिए प्रेरणादायक रहा है। इसी प्रेरणा से मुख्यमंत्री ने राजस्थान में 50 करोड़ पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया है। वे आज जोधपुर प्रवास के दौरान मीडिया से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस परिसर में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वन मंत्री संजय शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष राज्य सरकार द्वारा 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन वन विभाग, अन्य सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और एनजीओ के सहयोग से 11 करोड़ 55 लाख पौधों का रोपण किया गया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और पूरा विश्वास है कि राजस्थान सरकार आमजन के सहयोग से इस लक्ष्य को भी पार करेगी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से राजस्थान के चार जिलों में चंदन वन विकसित किए जाएंगे। इन स्थानों पर 11-11 हजार चंदन के पौधों का रोपण कर उनका संरक्षण किया जाएगा।
इस दौरान वन मंत्री ने राजस्थान के राजकीय पक्षी गोडावण के संरक्षण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि गोडावण विलुप्ति की कगार पर पहुंच चुका था, लेकिन अब सरकार, वन विभाग, वैज्ञानिकों, एनजीओ और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से इसकी संख्या बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विश्व में पाए जाने वाले लगभग 150 गोडावण में से करीब 120 राजस्थान में पाए जाते हैं। वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में भी गोडावण संरक्षण का उल्लेख किया था, जिससे संरक्षण कार्यों को नई ऊर्जा मिली।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट 2025 में 21 मई को पूरे राजस्थान में राज्य गोडावण दिवस मनाने की घोषणा की थी, जिसके तहत जैसलमेर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में 130 गोडावण प्राकृतिक आवास में जीवन यापन कर रहे हैं, जबकि सम और रामदेवरा स्थित ब्रीडिंग सेंटरों में 87 गोडावणों का संरक्षण किया जा रहा है। आने वाले समय में इन ब्रीडिंग सेंटरों में गोडावणों की संख्या 100 के पार पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

