पंचायत राज चुनाव के लिए 4.02 करोड़ मतदाता, बांसवाड़ा में सर्वाधिक वृद्धि

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत राज चुनाव के लिए 4.02 करोड़ मतदाता, बांसवाड़ा में सर्वाधिक वृद्धि


जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव के लिए अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 4,02,20,734 मतदाता हैं। इनमें 2,08,62,380 पुरुष, 1,93,58,147 महिला तथा 207 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के बाद अंतिम प्रकाशन तक 5,73,568 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई, जो कुल मतदाताओं का लगभग 1.45 प्रतिशत है। प्रतिशत वृद्धि के आधार पर बांसवाड़ा जिले में सर्वाधिक 4.55 प्रतिशत तथा फलोदी जिले में 4.46 प्रतिशत वृद्धि हुई। वहीं टोंक जिले में न्यूनतम 0.04 प्रतिशत और श्रीगंगानगर जिले में 0.19 प्रतिशत वृद्धि हुई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 29 जनवरी को किया गया था। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के नियमानुसार निराकरण के बाद बुधवार को अंतिम प्रकाशन किया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों ने एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की थी, उन्हें मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है।

राजस्थान पंचायतीराज एक्ट की धारा 18(1) के अनुसार तीन प्रकार की मतदाता सूचियाँ तैयार की गई हैं। इनमें ग्राम पंचायत के प्रत्येक वार्ड की मतदाता सूची, पंचायत समिति के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची और जिला परिषद के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची शामिल है। उन्होंने बताया कि 29 जनवरी को प्रकाशित प्रारूप सूची में 3,96,47,166 मतदाता थे। इस दौरान 13,66,435 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 7,92,867 नाम हटाए गए। इसके बाद अंतिम सूची में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 4,02,20,734 हो गई।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूचियाँ संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद कार्यालयों में निरीक्षण के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story