300 साल पुराने सिद्धेश्वर गणेश मंदिर में गूंजे गणपति के सहस्र नाम

WhatsApp Channel Join Now
300 साल पुराने सिद्धेश्वर गणेश मंदिर में गूंजे गणपति के सहस्र नाम


जोधपुर, 15 सितम्बर (हि.स.)।चांदपोल के बाहर किला मार्ग स्थित करीब 300 वर्ष प्राचीन दक्षिणामुखी सिद्धेश्वर गणेश मंदिर में सोमवार को गणेश चतुर्थी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कोई परिवार के साथ गणेशजी के दर्शन करने पहुंचा तो कोई हाथों में प्रसाद लेकर अपनी मनोकामना के साथ मंदिर में आया। शाम होते-होते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया और देर रात तक दर्शन के लिए तांता लगा रहा।

इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया तथा गणेशजी की प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष परसराम जोशी ने बताया कि पंडित अश्विनी ओझा के सानिध्य में षोडशोपचार पूजन किया गया। इसके बाद गणेश सहस्रनामावली के उच्चारण के साथ हजारों मोदक और लड्डुओं का भगवान गणेश को भोग अर्पित किया गया। कई श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। देर रात तक मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story