जर्जर स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण को 300 करोड़ की मंजूरी, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now
जर्जर स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण को 300 करोड़ की मंजूरी, मुख्यमंत्री ने जताया आभार


जर्जर स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण को 300 करोड़ की मंजूरी, मुख्यमंत्री ने जताया आभार


जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, आधुनिक और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकें और अपने भविष्य को संवार सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार होगा। जर्जर और खस्ताहाल स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण से न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि शिक्षा के प्रति उनका रुझान भी बढ़ेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वय से शिक्षा क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। इस मंजूरी से प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित स्कूलों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा, जहां भवनों की स्थिति लंबे समय से चिंताजनक बनी हुई थी।

सरकार का मानना है कि बेहतर अधोसंरचना के जरिए ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मार्ग प्रशस्त होता है। ऐसे में यह वित्तीय स्वीकृति राज्य के शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी और आने वाले समय में विद्यार्थियों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story