राज्य स्तरीय कमिश्नर कोर्स में अजमेर से तीन का चयन

WhatsApp Channel Join Now
राज्य स्तरीय कमिश्नर कोर्स में अजमेर से तीन का चयन


अजमेर, 15 जून(हि.स.)। भारत स्काउट गाइड के अधिकारी वर्ग के लिए एक महत्वपूर्ण कोर्स में अजमेर से राज्य स्तरीय कमिश्नर कोर्स में स्काउट गाइड अधिकारियों का चयन किया गया है। यह कोर्स आबू पर्वत पर आयोजित किया गया, जो स्काउट गाइडिंग के क्षेत्र में एक नई दिशा प्रदान करेगा।

अजमेर से इस राज्य स्तरीय कमिश्नर कोर्स में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए स्टाफ के रूप में वीणा अग्रावत मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पीसांगन एवं जिला कमिश्नर गाइड, सत्यनारायण वैष्णव प्रधानाचार्य रा उ मा वि रसूलपुरा एवं जिला सचिव अजमेर जो एडवांस कमिश्नर कोर्स प्रशिक्षित है, को स्टाफ के रूप में जिम्मेदारी मिली है।

जिले से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए नरोत्तम सिंह गुर्जर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पीसांगन, भगवान सिंह प्रधानाचार्य रा बा उ मा वि पिचौलिया एवं राजीव मिश्रा प्रधानाचार्य माहेश्वरी पब्लिक स्कूल चचियावास का चयन हुआ।

इस कोर्स में चयनित अधिकारियों को स्काउट गाइड गतिविधियों को और अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। यह कोर्स नेतृत्व कौशल, संगठनात्मक क्षमताएं, और सामुदायिक सेवा में दक्षता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीओ स्काउट अजमेर नरेन्द्र खोरवाल ने कहा कि इस कोर्स से प्राप्त ज्ञान और अनुभव युवाओं को प्रेरित करने और नेतृत्व की नई क्षमताओं को विकसित करने में सहायक होगा। इस प्रकार, अजमेर की स्काउट गाइड गतिविधियाँ और अधिक समृद्ध और प्रभावशाली हो जाएँगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story