29 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
29 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश के आसार


जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को डिप्रेशन में परिवर्तित हो गया है। इसके प्रभाव से 29 जुलाई से राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने और अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश का भी पूर्वानुमान जताया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना तंत्र अगले 24 घंटों में और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है तथा उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। 29 जुलाई से 2 अगस्त तक राज्य के अधिकांश भागों में मानसून फिर सक्रिय रहेगा। इस दौरान पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। बीकानेर संभाग में भी 29 जुलाई से वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी के संकेत हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर परिसंचरण तंत्र में बदल गया है। इसके कारण 27 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून कमजोर रहने की संभावना है।

रविवार को सीकर, चित्तौड़गढ़, डबोक, बाड़मेर, जोधपुर, माउंट आबू, चूरू, डूंगरपुर, संगरिया, जालौर और पाली सहित प्रदेश के 15 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि बारिश में कमी के कारण अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई और कई स्थानों पर पारा पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। रविवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जयपुर में भी रविवार को बारिश की गतिविधियां कमजोर रहीं और दिनभर तेज धूप खिली रही। शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में 0.3 डिग्री और रात के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य के पूर्वी भाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। वहीं पश्चिमी राजस्थान में मेघगर्जन के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा दो-तीन स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 102 मिमी वर्षा बाड़मेर जिले के सेड़वा में रिकॉर्ड की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story