जयपुर में बेकरी शॉर्टनिंग के 2699 किलो उत्पाद सीज

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में बेकरी शॉर्टनिंग के 2699 किलो उत्पाद सीज


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश में त्योहारी सीजन के दौरान मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी है। केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने झोटवाड़ा स्थित एक निजी विनिर्माण इकाई पर कार्रवाई करते हुए बिक्री के लिए तैयार 2699.2 किलोग्राम बेकरी शॉर्टनिंग सीज की है। विभाग ने उत्पाद के नमूने लेकर उसकी गुणवत्ता, प्रकृति और लेबलिंग से जुड़े मानकों की जांच शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बेकरी शॉर्टनिंग के नाम पर चंचल, नेहा गोल्ड और जय श्री गोल्ड सहित विभिन्न ब्रांडों के तहत उत्पादों का निर्माण और बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई। विभाग इन उत्पादों की प्रकृति, लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच कर रहा है।

बेकरी शॉर्टनिंग एक प्रकार की खाद्य वसा है, जिसका उपयोग बिस्कुट, केक, पेस्ट्री, कुकीज, पफ, ब्रेड सहित विभिन्न बेकरी उत्पाद बनाने में किया जाता है। यह उत्पादों को मुलायम, कुरकुरा और परतदार बनाने के साथ लंबे समय तक ताजा बनाए रखने में मदद करती है।

अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों के नाम या लेबल की आड़ में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण तथा नमूने लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762799 Articles

Share this story