264 श्रद्धालुओं ने लिया होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का नि:शुल्क लाभ

WhatsApp Channel Join Now
264 श्रद्धालुओं ने लिया होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का नि:शुल्क लाभ


जोधपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल की प्रेरणा से अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय की प्रमुख पीठ रामधाम खेड़ापा में शनिवार को एक दिवसीय नि:शुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन आचार्य पुरुषोत्तमदास महाराज के सानिध्य एवं उत्तराधिकारी संत गोविंदराम शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हुआ।

यह शिविर आयुर्वेद विश्वविद्यालय से संबंद्ध कॉलेज ऑफ होम्योपैथी एवं संजीवनी होम्योपैथिक हॉस्पिटल करवड़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। शिविर में घुटनों का दर्द, ऑस्टियो आर्थराइटिस, रूमेटाइड अर्थराइटिस, डायबिटीज, अस्थमा व अन्य श्वास रोग, उच्च रक्तचाप, थायराइड, पेट संबंधी रोग, सिरदर्द, माइग्रेन, जुकाम, बुखार, एलर्जी, त्वचा रोग, स्त्रीरोग, गुर्दे एवं मूत्र संबंधी समस्याओं सहित कमर दर्द जैसी विभिन्न बीमारियों की नि:शुल्क जांच एवं दवा उपलब्ध कराई गई। संत भक्तिराम रामस्नेही ने बताया कि होम्योपैथिक चिकित्सा टीम ने विभिन्न गांवों से आए श्रद्धालुओं का परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। चिकित्सालय अधीक्षक प्रो. डॉ. गौरी शर्मा एवं शिविर प्रभारी डॉ. रतनाराम ने बताया कि शिविर में लगभग 264 रोगियों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।

शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन लाल चोपड़ा, डॉ.चौहान दर्शना, नर्सिंग कर्मचारी मनोहर लाल तथा बीएचएमएस विद्यार्थी तनुश्री, दिनेश शर्मा, प्रेमा राम एवं इदरीश ने चिकित्सा एवं सेवा कार्य में सहयोग दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story