22 शहरों का पारा 35 पार, चित्तौडग़ढ़-जैसलमेर सबसे गर्म

WhatsApp Channel Join Now
22 शहरों का पारा 35 पार, चित्तौडग़ढ़-जैसलमेर सबसे गर्म


जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में गर्मी का पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के 22 शहरों का दिन का पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया। चित्तौडग़ढ़ और जैसलमेर प्रदेश में सबसे गर्म रहे। यहां का अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। 22.6 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। प्रदेश के 7 शहरों का दिन का पारा 37 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार चित्तौडगढ़, जैसलमेर, वनस्थली, पिलानी, बाड़मेर, चूरू और फतेहपुर का दिन का तापमान 37 डिग्री के पार दर्ज किया गया। जयपुर सहित प्रदेश के 22 शहरों का दिन का पारा 35 डिग्री के पार रहा। जयपुर, कोटा और फलौदी की रात का पारा 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में गुजरात व आसपास के लगने वाले अरब सागर क्षेत्र के ऊपर एक प्रति चक्रवाती तंत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में और 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की संभावना है। राज्य में आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री ऊपर जारी रहने तथा दक्षिण-पश्चिमी भागों में 8-10 मार्च के दौरान कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज होने की प्रबल संभावना है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story