189.65 लाख रुपये की लागत से बनेगी 4.5 किलोमीटर सडक़
संसदीय कार्य मंत्री ने राजपुरिया में सडक़ निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
जोधपुर, 18 जून (हि.स.)। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल द्वारा गुरुवार को ग्राम पंचायत धींगाणा के राजस्व ग्राम रामपुरिया में जोधपुर विकास प्राधिकरण के 189.65 लाख रुपये की लागत से 4.5 किलोमीटर सडक़ नवीनीकरण एवं चौड़ाईकरण का कार्य (गुड़ा काकानी संपर्क सडक़ से राजपुरिया सरहद पाबूपुरा कुम्हारान तक) का विधिवत शिलान्यास किया गया।
इस दौान पटेल ने कहा डबल इंजन की सरकार प्रदेश के अवसंरचनात्मक विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। वर्ष 2024-25 में 30 हजार 427 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया गया है, जो कि आज तक किसी भी वर्ष में किया गया सर्वाधिक पूंजीगत व्यय है। उन्होंने कहा कि ढाई साल में राष्ट्रीय राजमार्ग की 31 सडक़ परियोजनाओं को स्वीकृत किया गया है।
विकसित राजस्थान 2047 के विजन को साकार करने के लिए सुगम व बाधा रहित परिवहन तथा सडक़ तंत्र का विकास प्राथमिकता के साथ किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा 2 वर्षों में लगभग 27 हजार 860 करोड़ रुपए का व्यय कर लगभग 42 हजार किलोमीटर सडक़ों का विकास किया गया है। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि बेहतर सडक़ों से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि समय और संसाधनों की भी बड़ी बचत सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा नवीन सरकार गठन के पश्चात् लूणी विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 500 किलोमीटर से अधिक सडक़ निर्माण कार्य स्वीकृत करवाए गए। कार्यक्रम में प्रशासक धींगाणा बीरबलराम, गोपाराम बुडिय़ा, दिनेश सिंह राजपुरोहित, राकेश बिश्नोई, श्याम खीचड़ सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

