उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से राजस्थान में सर्दी तेज
जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से राजस्थान में सर्दी बढऩे लगी है। प्रदेश के 17 शहरों का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 8 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। हालांकि प्रदेश के शहरों के पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कुछ शहरों के तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चूरू, डबोक, पाली, पिलानी, सीकर, श्रीगंगानगर, वनस्थली, सिरोही, फतेहपुर, करौली, झुंझुनूं , माउंट आबू और नागौर का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे रहा। माउंट आबू से सर्द फतेहपुर की रात रही। शेखावाटी और उसके आस-पास के कई शहरों का पारा 11 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने और सर्दी में बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। 35.8 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ का दिन और 18.6 डिग्री के साथ जालौर की रात सबसे गर्म रही।
जयपुर में बुधवार को मौसम साफ रहा और सुबह ग्रामीण इलाकों में हल्का कोहरा नजर आया। जयपुर के रात के पारे में 1.6 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 28.7 और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि जयपुर के दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

