जयपुर में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस राज्य स्तरीय समारोह में 15 औद्योगिक इकाइयां सम्मानित
जयपुर, 04 मार्च (हि.स.)। राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम-रीपा)) में बुधवार को 55वां राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस राज्य स्तरीय समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने उद्योगों में सुरक्षा संस्कृति को समय की अनिवार्य आवश्यकता बताते हुए कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल ही औद्योगिक विकास की मजबूत आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत–2047” के विजन को साकार करने के लिए सुरक्षित और सुदृढ़ औद्योगिक वातावरण जरूरी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार उद्योगों में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और श्रमिकों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
डॉ. बैरवा ने कहा कि सुरक्षित कार्यस्थल न केवल श्रमिकों के जीवन की रक्षा करते हैं, बल्कि उद्योगों की उत्पादकता बढ़ाने और देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से आधुनिक तकनीकों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेंसर आधारित निगरानी और रीयल-टाइम मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाओं को अपनाने का आह्वान किया, ताकि संभावित खतरों की समय रहते पहचान कर दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने सुरक्षा जागरूकता पर आधारित एक पुस्तिका का ई-विमोचन भी किया। उन्होंने उद्योगों से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने, नियमित प्रशिक्षण आयोजित करने और कार्यस्थलों को अधिक सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
समारोह में कारखाना सुरक्षा पुरस्कार योजना-2026 के अंतर्गत औद्योगिक सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 औद्योगिक इकाइयों को वृहद, मध्यम और लघु श्रेणियों में कारखाना सुरक्षा पुरस्कार प्रदान किए गए।
डॉ. बैरवा ने कहा कि सुरक्षा के उच्च मानकों को अपनाने वाले उद्योग न केवल श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि औद्योगिक विकास को भी नई दिशा देते हैं।
यह आयोजन राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद – राजस्थान स्टेट चैप्टर तथा कारखाना एवं बॉयलर्स निरीक्षण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर्स हरीश कुमार गुप्ता, उप मुख्य निरीक्षक एवं उपाध्यक्ष राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद राजस्थान चैप्टर हरीशंकर सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के अधिकारी, विशेषज्ञ, प्रतिनिधि एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

