महवा में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत, परिवार में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now
महवा में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत, परिवार में पसरा मातम


दौसा, 08 मई (हि.स.)। जिले के महवा क्षेत्र के समलेटी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। 14 वर्षीय छात्र कार्तिक बैरवा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों ने इसे सडन कार्डियक डेथ यानी संभावित हार्ट अटैक माना है।

जानकारी के अनुसार कार्तिक शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे बिस्तर से उठकर पानी पीने गया था। इसी दौरान वह अचानक गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे महवा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर माधुरी शर्मा ने बताया कि बच्चे की मौत संभवतः हार्ट अटैक के कारण हुई है। हालांकि पोस्टमॉर्टम से मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकती थी, लेकिन परिजन बिना पोस्टमॉर्टम करवाए शव घर ले गए। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटना को सडन कार्डियक डेथ कहा जाता है, जिसमें व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो जाती है।

कार्तिक आठवीं कक्षा का छात्र था और गांव के ही स्कूल में पढ़ाई करता था। उसकी बड़ी बहन जिया की शादी एक मई को करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र के रामपुर गांव में हुई थी।

परिवार के अनुसार शुक्रवार दोपहर कार्तिक पहली बार अपनी बहन को ससुराल से लाने जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई।

भाई की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी बहन को ससुराल से वापस बुलाया गया। परिवार में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। छोटी बहन और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूर्व सरपंच रविन्द्र बैरवा ने बताया कि कार्तिक के पिता अशोक बैरवा कैंसर से पीड़ित हैं और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं।

घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। शुक्रवार सुबह 11 बजे कार्तिक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story