मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में सुना ‘मन की बात’ का 133वां संस्करण

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में सुना ‘मन की बात’ का 133वां संस्करण


जयपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में कार्यक्रम को सुना।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम, पवन ऊर्जा, बीटिंग रिट्रीट के संगीत की वेव्स ओटीटी पर उपलब्धता, कच्छ के रण में फ्लेमिंगो पक्षियों की उपस्थिति, उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में ‘गज मित्र’ पहल, छत्तीसगढ़ में काले हिरणों के संरक्षण, रेगिस्तानी क्षेत्रों में गोडावण संरक्षण, नॉर्थ-ईस्ट में बांस (बैम्बू) सेक्टर की प्रगति सहित कई विषयों पर चर्चा की।

इसके अलावा उन्होंने एनएएआई के अभिलेख, यूरोपियन गर्ल्स मैथमेटिकल ओलंपियाड में भारतीय बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, डिजिटल जनगणना अभियान और विभिन्न राज्यों में बन रही ‘चीज़’ (डेयरी उत्पाद) का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के अंत में देशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों और उपलब्धियों को सामने रखते हैं, जिससे आमजन को विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद मदन राठौड़ सहित अन्य गणमान्यजन भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story