चारदीवारी में 19 अक्टूबर से क्यूआर कोड वाले 132 ई-रिक्शा चलेंगे

WhatsApp Channel Join Now
चारदीवारी में 19 अक्टूबर से क्यूआर कोड वाले 132 ई-रिक्शा चलेंगे


जयपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। चारदीवारी क्षेत्र में ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए यातायात पुलिस ने डिजिटल प्रबंधन व्यवस्था लागू की है। इसके तहत 19 अक्टूबर से केवल क्यूआर कोड लगे अधिकृत ई-रिक्शा ही चारदीवारी क्षेत्र में चल सकेंगे। ऑनलाइन आवेदनों की जांच के बाद 132 ई-रिक्शा का पंजीकरण सही पाया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार बिना क्यूआर कोड वाले ई-रिक्शा के संचालन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त यातायात प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। चारदीवारी क्षेत्र को जोन-7 मानते हुए पांच उप-जोन 7ए, 7बी, 7सी, 7डी और 7ई में बांटा गया है। प्रत्येक उप-जोन में 50 ई-रिक्शा के संचालन का प्रावधान है। इस प्रकार कुल 250 ई-रिक्शा की क्षमता निर्धारित की गई है, जबकि जांच में अभी 132 ई-रिक्शा के आवेदन सही पाए गए हैं।

नूनावत ने बताया कि निर्धारित उप-जोन में संजय सर्किल, माउंट रोड, गणगौरी बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार, अजमेरी गेट, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, जौहरी बाजार, बापू बाजार, रामगंज बाजार, घाट बाजार, हवामहल बाजार, गोविंद देवजी, जंतर-मंतर, सिटी पैलेस और चार दरवाजा सहित चारदीवारी के प्रमुख बाजार व पर्यटन स्थल शामिल हैं।

ई-रिक्शा चालकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की गई है। इसके लिए यातायात पुलिस की वेबसाइट या ई-रिक्शा ऐप के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story