महिला सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती: राजस्थान में 100 नवीन कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का होगा शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
महिला सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती: राजस्थान में 100 नवीन कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का होगा शुभारंभ


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण की दिशा में राजस्थान सरकार एक और महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। प्रदेश की महिलाओं एवं बालिकाओं को अधिक सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा रविवार को प्रातः 11 बजे कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, जयपुर में 100 नवीन कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का शुभारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम राज्य सरकार की वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में की गई घोषणा की क्रियान्विति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस पहल से महिला सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और यूथ महिला सीएलजी सदस्यों से सीधा संवाद भी करेंगे। इस संवाद के माध्यम से महिला सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों, मैदानी स्तर पर कार्य करने के अनुभवों तथा सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के विषयों पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधि मंत्री जोगाराम पटेल, महापौर सुनील कोठारी, सांसद मंजू शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत तथा पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762807 Articles

Share this story