राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10 का परीक्षा परिणाम मंगलवार को आएगा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10 का परीक्षा परिणाम मंगलवार को आएगा


शिक्षा मंत्री मदन दिलावर दोपहर 1 बजे बोर्ड कार्यालय से परिणाम घोषित करेंगे

अजमेर, 23 मार्च (हि.स.)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम मंगलवार 24 मार्च को जारी किया जाएगा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर दोपहर एक बजे अजमेर स्थित बोर्ड कार्यालय से परिणाम जारी करेंगे।

बोर्ड सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर एवं बोर्ड प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़ परिणाम जारी करेंगे। सैकण्डरी की परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित की गई थी। बोर्ड की ओर से रिजल्ट को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और छात्रों को अब अपने परिणाम का इंतजार है। इसके साथ ही कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम भी इसी महीने जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि ऐसा पहली बार होगा जब राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 10 वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 12वीं कक्षा के विज्ञान, वाणिज्य संकाय के परिणाम से पहले जारी करने जा रहा है। बोर्ड द्वारा मार्च माह में परिणाम जारी करना भी ऐतिहासिक ही रहेगा।

इस बार राजस्थान सरकार की ओर से एक अप्रैल से नया सत्र शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में बोर्ड प्रशासन ने 10 का परिणाम सबसे पहले जारी करने की योजना पर काम किया बोर्ड ने इसके लिए केंद्रीयकृत उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन की व्यवस्था बनाई और 30 हजार से अधिक शिक्षकों को इस कार्य में लगाते हुए उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन कराया। बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में करीब 10 लाख 68 हजार 109 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए थे।

बोर्ड का प्रयास है कि मार्च माह के अंत तक 12 कक्षा के परीक्षा परिणाम भी जारी कर दिए जाएं। बारहवीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक जारी रही थी। इसमें करीब 9 लाख 10 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। प्रदेश के 6 हजार 170 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की गई थीं।

उल्‍लेखनीय है कि राजस्थान बोर्ड वर्ष 2027 में दसवीं की परीक्षाएं साल में दो बार कराने पर तेजी की कार्य कर रहा है। पहले सेशन की परीक्षाएं फरवरी में तथा दूसरे की मई में आयोजित होगी। दोनों ही परीक्षाएं पूरे सिलेबस पर आधारित होंगे इनमें स्टडी पौटर्न या परीक्षा प्लानिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

पहले सेशन में परीक्षा देने वाले परीक्षार्थी दूसरे सेशन में अधिकतम तीन विषयों में अंक सुधार के लिए परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए जो परीक्षार्थी ने पहले सेशन में पूरी तरह से परीक्षा देने से किसी कारण वंचित रह गए व दूसरे सेशन में परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए उन्हें एक वैलिड मेडिकल सर्टिफिकेट या जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक से स्वीकृति प्राप्त करना जरूरी होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story