10 से 12 अगस्त को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश संभव

WhatsApp Channel Join Now
10 से 12 अगस्त को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश संभव


जयपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में बारिश का दाैर लगातार बना हुआ है। 10 से 12 अगस्त के बीच पूर्वी और दक्षिण पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियाें में तेजी देखने काेे मिलेगी। शनिवार काे जयपुर सहित करीब 17 शहराें में बारिश हुई।

माैसम विभाग के अनुसार जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, डीडवाना-कुचामन, चूरू, दौसा सहित कई जिलों में शनिवार को बरसात हुई। कोटपूतली-बहरोड़ जिले से निकलने वाले जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर जगह-जगह पानी भर गया। शहरी इलाकों में बाजार और घरों में पानी घुस गया। राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन सुबह से रुक-रुककर बरसात का दौर चला। भरतपुर में बरसात के कारण स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी कर दी गई। अलवर के गोविंदगढ़ में एक मकान की छत गिर गई। चूरू में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। लगातार बारिश से शहर के निचले इलाकों और कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया। डीबी अस्पताल के दोनों गेट के सामने पानी जमा होने से मरीजों और स्टाफ को परेशानी हुई। डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना में करीब 1 घंटे मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान हॉस्पिटल रोड, इकबालपुरा और गौड़ाबास इलाकों में जलभराव हो गया। हॉस्पिटल रोड पर 3 फीट पानी भर गया। पानी निकालने से लिए पंप सेट लगाए गए।

माैसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शनिवार काे एक परिसंचरण तंत्र उत्तर-पूर्वी राजस्थान व एक और पूर्वी भारत के ऊपर अवस्थित है। शनिवार काे जयपुर, भरतपुर कोटा, अजमेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई । 9 अगस्त को भी राज्य के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। 10 से 12 अगस्त को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर कुछ भागों में आगामी 3-4 दिन हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त से व पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की प्रबल संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story