(अपडेट) पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बढ़त, पंचायत समिति की 3758 और जिला परिषद की 743 सीटें जीतीं

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बढ़त, पंचायत समिति की 3758 और जिला परिषद की 743 सीटें जीतीं


(अपडेट) पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बढ़त, पंचायत समिति की 3758 और जिला परिषद की 743 सीटें जीतीं


जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस ने पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य के चुनावों में भाजपा पर बढ़त बनाई है। राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ताजा आंकड़ों के अनुसार, पंचायत समिति सदस्य की कुल 7543 सीटों में से 7520 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इनमें कांग्रेस ने 3758 और भाजपा ने 2213 सीटें जीती हैं। इसी तरह जिला परिषद सदस्य की 1275 सीटों में से 1192 के परिणाम आए हैं। इनमें कांग्रेस को 743 और भाजपा को 346 सीटें मिली हैं।

पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 497, निर्दलीय उम्मीदवारों ने 662, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 278, बहुजन समाज पार्टी ने 60 और माकपा ने 50 सीटें जीती हैं। आम आदमी पार्टी के खाते में दो सीटें आई हैं, जबकि नेशनल पीपुल्स पार्टी का खाता नहीं खुला। जिला परिषद सदस्य के चुनाव में आरएलपी को 51, बीएपी को 26, निर्दलीय उम्मीदवारों को 13, माकपा को सात और बसपा को छह सीटें मिली हैं। यहां आम आदमी पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी को कोई सीट नहीं मिली।

जिला स्तर पर भी कांग्रेस ने कई क्षेत्रों में भाजपा से बेहतर प्रदर्शन किया है। जयपुर जिले में पंचायत समिति सदस्य की 216 सीटें कांग्रेस ने जीतीं, जबकि भाजपा को 87 सीटें मिलीं। जोधपुर में कांग्रेस ने 195 और भाजपा ने 81, बीकानेर में कांग्रेस ने 155 और भाजपा ने 65 तथा सीकर में कांग्रेस ने 179 और भाजपा ने 87 सीटें हासिल कीं। भीलवाड़ा, दौसा, बाड़मेर, जैसलमेर और राजसमंद में भी कांग्रेस भाजपा से आगे रही। वहीं अजमेर, बालोतरा, सलूम्बर और उदयपुर में भाजपा ने पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में कांग्रेस से अधिक सीटें हासिल कीं।

भरतपुर जिले में पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। यहां निर्दलीयों ने 76 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 46 और भाजपा को 32 सीटें मिलीं। नागौर जिले में जिला परिषद चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 37 में से 19 सीटें जीतकर बढ़त बनाई। कांग्रेस को 11 और भाजपा को सात सीटें मिलीं।

चुनाव में कई राजनीतिक परिवारों के नतीजे भी चर्चा में रहे। सीकर में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी और उनके दोनों बेटों को हार का सामना करना पड़ा। वहीं चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और पुत्रवधू कनिका सिंह जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीतने में सफल रहे।

चुनाव परिणामों पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ग्रामीण मतदाताओं, किसानों, मजदूरों और महिलाओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी पार्टी के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताई। दोनों नेताओं ने जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ परिणामों का जश्न मनाया। कांग्रेस ने नतीजों को भाजपा सरकार की कथित उपेक्षा और अधूरे वादों के खिलाफ जनता का संदेश बताया है।

पंचायती राज संस्थाओं में जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव अगले चरण में होंगे। जिला प्रमुखों का चुनाव 25 नवंबर और पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव 27 नवंबर को प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780636 Articles

Share this story