‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए 2000 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए 2000 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


अजमेर, 31 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से अजमेर दक्षिण की विधायक अनिता भदेल ने शुक्रवार को दौराई रेलवे स्टेशन के सामने ब्यावर रोड स्थित कप्तान दुर्गा प्रसाद कृषि उपज मंडी परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ एवं ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत 2000 पौधों का सघन वृक्षारोपण किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।

अजमेर दक्षिण की विधायक अनिता भदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनभावनाओं से जोड़ने वाला अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान प्रदेशभर में जनभागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल अधिक से अधिक पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के माध्यम से हरित राजस्थान का निर्माण करना है।

अनिता भदेल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र जैसी चुनौतियों का सामना समाज की सामूहिक भागीदारी से ही किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

अजमेर के जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि विकसित और स्वस्थ भारत के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वृक्ष ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा शहर जिला महामंत्री राजेश घाटे, जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह जादौन, विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, महिला इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story