हर ग्राम पंचायत में होंगे महिला कृषक प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
हर ग्राम पंचायत में होंगे महिला कृषक प्रशिक्षण


जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में महिलाओं को कृषि क्षेत्र में अधिक सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में अब प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर महिला कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि वर्ष 2025-26 में 11,019 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए 3.30 लाख से अधिक महिला कृषकों को लाभान्वित किया जा चुका है। इस बार भी बड़े स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।

इन प्रशिक्षणों में लघु एवं सीमांत किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति की महिलाएं और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला कृषकों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को उन्नत बीज उत्पादन तकनीक, मृदा व जल परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जैविक खेती और खाद निर्माण, ड्रिप व स्प्रिंकलर सिंचाई तकनीक, वर्षा जल संरक्षण और शुष्क खेती, कीट व खरपतवार नियंत्रण जैसी आधुनिक कृषि विधियों की जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

प्रशिक्षण के अंत में महिलाओं का टेस्ट लिया जाएगा और बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को कृषि उपकरण जैसे टॉर्च, बाल्टी, तसला, खाद-बीज आदि पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।

कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास विभाग, राजीविका के अधिकारी और प्रगतिशील किसान भी शामिल होंगे, ताकि महिलाओं को व्यावहारिक अनुभव मिल सके।

सरकार का उद्देश्य महिला कृषकों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उनकी आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story