स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक के लिए निगम ने कसी कमर

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक के लिए निगम ने कसी कमर


जयपुर, 07 मार्च (हि.स.)। नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने शनिवार को निगम मुख्यालय में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर सभी जोन व मुख्यालय के उपायुक्तों, अधिशासी अभियंताओं और संबंधित अधिकारियों की मैराथन बैठक ली। चार घंटे से अधिक चली बैठक में पीपीटी के माध्यम से स्वच्छता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विजिबल क्लीनलीनेस, सीएनडी वेस्ट प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, उद्यानों की सफाई व रखरखाव, निर्माणाधीन मकानों पर ग्रीन नेट लगाने, रेड व येलो स्पॉट की सफाई तथा स्ट्रीट वेंडिंग जोन में कचरा पात्र रखने जैसे विषयों पर समीक्षा की गई।

आयुक्त सैनी ने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर को बेहतर रैंक दिलाने के लिए समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर काम करना होगा। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन हब, कमर्शियल क्षेत्रों, बैकलेन, शैक्षणिक संस्थानों, पर्यटन स्थलों और रिहायशी इलाकों में विजिबल क्लीनलीनेस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कमर्शियल स्थानों पर डस्टबिन की व्यवस्था, निर्माणाधीन मकानों पर ग्रीन नेट नहीं होने पर कार्रवाई तथा अवैध-अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस व आईडी कार्ड के साथ कार्य करें और किसी भी जोन में खुले कचरा डिपो नहीं होने चाहिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story